फरहाना भट्ट का पूरा हुआ बड़ा सपना, ‘खतरों के खिलाड़ी’ में रोहित शेट्टी के सामने किया खतरनाक कार स्टंट

कलर्स के पॉपुलर रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी’ में फरहाना भट्ट लगातार अपने बेखौफ अंदाज और जबरदस्त हिम्मत से दर्शकों का ध्यान खींच रही हैं। शो की शुरुआत से ही वह एक के बाद एक मुश्किल और खतरनाक स्टंट को पूरा करती नजर आ रही हैं। सोशल मीडिया पर भी उनके जज्बे और परफॉर्मेंस की खूब चर्चा हो रही है।

अब फरहाना के लिए शो का एक खास पल सामने आने वाला है। दरअसल, उनका सपना था कि वह रोहित शेट्टी के सामने एक हाई-ऑक्टेन कार स्टंट करें। रोहित शेट्टी अपनी फिल्मों में शानदार और बड़े स्तर के कार एक्शन के लिए मशहूर हैं। ऐसे में उनके सामने कार स्टंट करना फरहाना के लिए किसी सपने के सच होने से कम नहीं था।

रोहित शेट्टी के सामने कार स्टंट करेंगी फरहाना

आने वाले एपिसोड में फरहाना को आखिरकार वह मौका मिलने वाला है, जिसका उन्हें बेसब्री से इंतजार था। वह रोहित शेट्टी की निगरानी और मार्गदर्शन में कार स्टंट करती दिखाई देंगी।

हालांकि, यह स्टंट उनके लिए आसान नहीं रहने वाला है। स्टंट के दौरान कई अप्रत्याशित मुश्किलें सामने आती हैं और फरहाना पर इसे पूरा करने का दबाव भी साफ नजर आता है। अब देखने वाली बात होगी कि क्या वह अपने इस ड्रीम स्टंट में रोहित शेट्टी को प्रभावित कर पाती हैं या फिर दबाव उनके प्रदर्शन पर भारी पड़ता है।

स्वास्थ्य समस्याओं के बावजूद नहीं मानी हार

फरहाना ने बताया कि शो में आने से पहले उनके डॉक्टरों ने उन्हें अपनी सेहत को देखते हुए ज्यादा दबाव न लेने और खुद को पुश न करने की सलाह दी थी। इसके बावजूद उन्होंने अपने सपने को पूरा करने का फैसला किया।

उनके मुताबिक, शो की लंबी और थकाने वाली यात्रा के बीच एक समय ऐसा भी आया जब उन्हें लगा कि अब रुक जाना चाहिए। लेकिन रोहित शेट्टी के सामने कार स्टंट करने की उनकी इच्छा इतनी मजबूत थी कि उन्होंने अपने डर और परेशानियों को पीछे छोड़ दिया।

कार की ड्राइविंग सीट पर बैठते ही उन्होंने अपना पूरा ध्यान स्टंट पर लगा दिया। फरहाना ने यह भी माना कि रोहित शेट्टी की मौजूदगी में कार स्टंट करना अपने आप में काफी दबाव वाला अनुभव था, क्योंकि वह कार एक्शन के लिए जाने जाते हैं।

फरहाना के लिए यह स्टंट सिर्फ एक टास्क नहीं बल्कि उनके पूरे ‘खतरों के खिलाड़ी’ सफर की यादगार उपलब्धियों में से एक बन गया है। उनका कहना है कि जब भी वह भविष्य में ड्राइविंग सीट पर बैठेंगी, इस रोमांचक अनुभव की याद उनके जेहन में जरूर आएगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top