Dr. Aarambhi: ऐश्वर्या खरे ने महिला त्याग और पहचान की सच्ची कहानी पर की बात

“यह कहानी उन कई महिलाओं की है जो इसे जीती हैं, लेकिन कभी कह नहीं पातीं,” यह कहना है ऐश्वर्या खरे का, जो COLORS के नए महिला-केंद्रित ड्रामा ‘डॉ. आरंभि’ में लीड रोल निभा रही हैं।

‘डॉ. आरंभि’ एक ऐसी महिला की कहानी है जो एक गोल्ड मेडलिस्ट डॉक्टर होने के बावजूद शादी के बाद अपना करियर छोड़कर परिवार के लिए खुद को पूरी तरह समर्पित कर देती है। आरंभि बलबीर चौधरी मानती है कि उसकी खामोशी ही परिवार को जोड़े हुए है, लेकिन वह यह नहीं समझ पाती कि वह भावनात्मक रूप से कंट्रोल और गैसलाइट की जा रही है। एक गंभीर मेडिकल इमरजेंसी और निजी धोखे के बाद उसकी आंखें खुलती हैं और वह अपनी पहचान दोबारा हासिल करने की राह पर निकल पड़ती है।

अपने किरदार के बारे में ऐश्वर्या कहती हैं कि आरंभि कोई ओवर-ड्रामैटिक किरदार नहीं है, बल्कि हर घर में मिलने वाली एक आम महिला है, जो धीरे-धीरे खुद को खो देती है। यह शो बदले की नहीं, बल्कि रीस्टार्ट, आत्म-सम्मान और खुद को चुनने की कहानी है।

ऐश्वर्या बताती हैं कि इस रोल के लिए उनकी तैयारी ज़्यादा भावनात्मक रही। उन्होंने आरंभि की चुप्पी, बॉडी लैंग्वेज और अंदरूनी संघर्ष पर खास ध्यान दिया। शो का मैसेज साफ है — त्याग कोई गुण नहीं, और खुद को चुनना स्वार्थ नहीं, बल्कि ज़रूरी है।

Leave a Comment