बच्चों के पसंदीदा सुपरहीरोज छोटा भीम और लिटिल सिंघम अब पहली बार एक ही दुनिया में साथ नजर आने वाले हैं। POGO ने अपनी नई एनीमे से प्रेरित सीरीज ‘Rise of Anshaks: Heroes of Destiny’ का ऐलान कर दिया है। इस सीरीज में दोनों लोकप्रिय भारतीय किरदार एक साथ मिलकर एक बड़ी ताकत से मुकाबला करते दिखाई देंगे।
‘Rise of Anshaks: Heroes of Destiny’ का प्रीमियर अक्टूबर 2026 में सिर्फ POGO पर होगा। खास बात यह है कि यह सीरीज हिंदी, अंग्रेजी, तमिल, तेलुगु, मलयालम, कन्नड़ और मराठी भाषाओं में दर्शकों के लिए उपलब्ध होगी।
इस कहानी में छोटा भीम और लिटिल सिंघम के सामने एक ऐसा खतरा आने वाला है, जो पूरी दुनिया के संतुलन को बिगाड़ सकता है। एक पुरानी ब्रह्मांडीय लड़ाई और प्राचीन रहस्यों के दोबारा जागने के बाद दोनों नायकों को अपनी असली ताकत और विरासत का पता चलता है।

कहानी के मुताबिक, छोटा भीम और लिटिल सिंघम खोए हुए जल और अग्नि अंशकों के उत्तराधिकारी हैं। उनका मकसद दुनिया के तत्वों के संतुलन की रक्षा करना है। इस मिशन में उनके साथ धरती के अंशक भुवन और हवा की अंशक आंधी भी शामिल होंगी।
इन सभी नायकों को कई खतरनाक दुश्मनों का सामना करना होगा, जो एलिमेंटल कोर्स हासिल करके दुनिया को अंधेरे में धकेलना चाहते हैं। इस दौरान दर्शकों को रहस्यमयी दुनिया, नई शक्तियों, प्राचीन रहस्यों और बड़े एक्शन का रोमांच देखने को मिलेगा।
POGO के मुताबिक, यह सिर्फ एक सामान्य कार्टून सीरीज नहीं होगी। इसके हर घंटे लंबे एपिसोड को एक फिल्मी कहानी की तरह तैयार किया गया है, जिसमें बड़े स्तर की कहानी, नए किरदार और विस्तृत दुनिया देखने को मिलेगी।
इस खास प्रोजेक्ट को POGO ने ग्रीन गोल्ड एनीमेशन और रिलायंस एनीमेशन के साथ मिलकर तैयार किया है। छोटा भीम के निर्माता राजीव चिलाका और रिलायंस एनीमेशन के प्रमुख तेजोनिधि भंडारे ने भी इस परियोजना को भारतीय एनीमेशन के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।
POGO की ओर से बताया गया कि ‘Rise of Anshaks’ के जरिए पुराने और लोकप्रिय किरदारों को एक नई रचनात्मक दुनिया में पेश किया जा रहा है। एनीमे से प्रेरित कहानी और बड़े स्तर के एक्शन के साथ यह सीरीज बच्चों के साथ-साथ एनीमेशन पसंद करने वाले दर्शकों के लिए भी खास हो सकती है।
अब दर्शकों की नजर इस बात पर है कि छोटा भीम और लिटिल सिंघम की जोड़ी मिलकर किस तरह अपने दुश्मनों का सामना करती है और क्या दोनों मिलकर दुनिया को बचा पाएंगे। ‘Rise of Anshaks: Heroes of Destiny’ अक्टूबर 2026 में POGO पर दस्तक देने के लिए तैयार है।
