विजयेंद्र कुमेरिया इन दिनों COLORS के नए शो ‘Juhi Mui’ को लेकर चर्चा में हैं। अपनी संवेदनशील कहानी, कानूनी रहस्य और ऑटिज्म जैसे अहम विषय को उठाने वाला यह शो दर्शकों का ध्यान खींच रहा है। इस कहानी में विजयेंद्र कुमेरिया इंस्पेक्टर संयम सिंह की भूमिका निभा रहे हैं, जो ईमानदारी, इंसाफ और संवेदनशील सोच के लिए जाने जाते हैं।

विजयेंद्र का कहना है कि उन्हें इस शो से जुड़ने की सबसे बड़ी वजह दो बातें लगीं। पहली, पहली बार पुलिस अधिकारी की वर्दी पहनने का मौका मिला और दूसरी, ऑटिज्म जैसे महत्वपूर्ण विषय पर आधारित कहानी का हिस्सा बनने का अवसर मिला। उनके मुताबिक यह सिर्फ एक लीगल ड्रामा नहीं है, बल्कि समाज को यह सोचने पर मजबूर करता है कि लोगों को सिस्टम के हिसाब से बदलना चाहिए या सिस्टम को सभी के लिए बेहतर बनना चाहिए।
अपने किरदार इंस्पेक्टर संयम सिंह के बारे में बात करते हुए विजयेंद्र ने कहा कि संयम एक सीधा-सादा, जमीन से जुड़ा और अपने फैसलों पर भरोसा करने वाला पुलिस अधिकारी है। वह बड़ी-बड़ी बातें करने के बजाय अपने काम से इंसाफ दिलाने में विश्वास रखता है। खास बात यह है कि वह जूही की काबिलियत को समझता है और उसे बराबरी का सम्मान देता है।
विजयेंद्र ने बताया कि यह उनके करियर का पहला मौका है जब उन्होंने पुलिस अधिकारी का किरदार निभाया है। इस भूमिका के लिए उन्होंने कई असली पुलिस अधिकारियों के काम करने के तरीके, बॉडी लैंग्वेज और बोलचाल को करीब से समझा। उन्होंने हरियाणवी लहजे पर भी मेहनत की और किरदार में पूरी तरह ढलने के लिए मूंछें भी बढ़ाईं।
उन्होंने कहा कि पुलिस की वर्दी पहनते ही अपने आप जिम्मेदारी और गर्व का एहसास होता है। उनके अनुसार इंस्पेक्टर संयम सिंह का किरदार निभाना देश की सेवा करने वाले हर पुलिस अधिकारी को उनकी ओर से एक छोटी-सी श्रद्धांजलि है।
दर्शकों के लिए संदेश देते हुए विजयेंद्र ने कहा कि ‘Juhi Mui’ सिर्फ एक टीवी शो नहीं, बल्कि इंसानियत, समानता और संवेदनशीलता का संदेश देने वाली कहानी है। उन्होंने कहा कि समाज में बदलाव सिर्फ ताकतवर लोग ही नहीं लाते, बल्कि आम लोग भी अपनी सोच और व्यवहार से बड़ा बदलाव ला सकते हैं। यही संदेश यह शो दर्शकों तक पहुंचाना चाहता है।
